हिमाचल में फ्लैश फ्लड का हाई अलर्ट, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी

हिमाचल: लगातार हो रही भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के बीच हिमाचल प्रदेश में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों के लिए विस्तृत सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों पर लगातार नजर रखें तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

एडवाइजरी में लोगों को पहले से इमरजेंसी किट तैयार रखने, महत्वपूर्ण दस्तावेजों को वाटरप्रूफ बैग में सुरक्षित रखने, सुरक्षित ऊंचे स्थानों और वहां तक पहुंचने के मार्गों की पहचान करने तथा पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की सलाह दी गई है। बिजली कटौती या नेटवर्क बाधित होने की स्थिति में मोबाइल की बैटरी बचाने के लिए कॉल की बजाय आवश्यक होने पर एसएमएस का उपयोग करने को कहा गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बहते पानी, उफनते नालों या नदी-नालों को पैदल अथवा वाहन से पार करने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है।

लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, सोशल मीडिया पर अफवाहें न फैलाने, प्रशासन के निकासी (इवैकुएशन) आदेशों का पालन करने तथा गिरे हुए बिजली के तारों और क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरणों से दूर रहने की अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा हेल्पलाइन 1077, राज्य आपदा हेल्पलाइन 1070 तथा आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9459455841 पर संपर्क कर सकते हैं।

प्रदेश में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की आशंका को देखते हुए सभी जिला प्रशासनों को सतर्क रहने और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों से आग्रह है कि वे केवल आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करें, नदी-नालों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में 1070 एवं 1077 हेल्पलाइन पर तुरंत संपर्क करें।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button