खाने-रहने के बारे में नहीं पता’, केरल से दिल्ली तक परेशानी, एयरपोर्ट पर बिखरी व्यवस्था-बिफरे यात्री


नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइंस की संचालन से जुड़ी समस्याओं के चलते हवाई यात्रियों को जबरदस्त समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि हजारों की संख्या में लोगों को एयरपोर्ट पर ही समय बिताते और जानकारी जुटाते देखा जा रहा है। अकेले दिल्ली एयरपोर्ट की ही बात करें तो यहां बुधवार को 150 से ज्यादा फ्लाइट रद्द हुईं, जिसके चलते अपनी मंजिल तक जाने के लिए हवाई अड्डे पर आए यात्री वहीं रुकने को मजबूर दिखे।
कुछ ऐसा ही आलम केरल के तिरुवनंतपुरम के एयरपोर्ट में दिखा। गुरुवार सुबह एक बार फिर इंडिगो ने अपनी फ्लाइट्स रद्द कर दीं, जिसके चलते हवाई अड्डे पर यात्रियों की भीड़ दिखी। चार अन्य फ्लाइट्स देरी से उड़ान भर रही हैं, जिसका असर सामान्य संचालन पर भी पड़ा। इसके अलावा गुजरात में भी इंडिगो की कई फ्लाइट्स रद्द हैं, जबकि कुछ देरी से चल रही हैं। अहमदाबाद के सरकार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर घरेलू के साथ विदेश जाने वाले यात्री भी परेशान हुए हैं।
यहां आए एक यात्री ने बताया, “कल हमारी फ्लाइट कैंसिल हो गई थी, इसलिए हमें जेद्दा में एक दिन और रुकना पड़ा। अब जब हम यहां पहुंच गए हैं, तो वे हमें अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। मैंने सुना है कि हमारी कनेक्टिंग फ्लाइट एक बार फिर लेट हो गई है। हमारे खाने और रहने की जगह के बारे में हमें कुछ पता नहीं चल रहा है। हमारा आखिरी डेस्टिनेशन सिलचर है। इंडिगो स्टाफ हमें कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। अब हम क्या करें कुछ समझ नहीं आ रहा है?”





