पहले के CM यहां आने से डरते थे, नोएडा को लूट का ATM बना लिया था’, PM मोदी का हमला


नोएडा: समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘पहले सीएम नोएडा आने से डरते थे। कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। नोएडा को अपने हाल पर छोड़ दिया था। मुझे भी नोएडा के लिए डराया गया था। सपा वालों ने पहले नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है। जेवर का यह एयरपोर्ट डबल इंजन की कार्य संस्कृति का बहुत अच्छा उदाहरण है।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘आप सोचिए इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने 2003 में फाइल में मंजूरी दे दी थी। लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना लेकिन केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहली की सरकारों ने वर्षों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी। 2004 से 2014 तक ये एयरपोर्ट फाइलों में दबा रहा। जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी शुरू के 2-3 वर्षों में उन्होंने इस पर काम नहीं होने दिया। लेकिन जैसे ही यहां भाजपा-एनडीए की सरकार बनी और दिल्ली में भाजपा-एनडीए की सरकार बनी तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी और निर्माण भी हुआ और अब ये शुरू भी हो गया है।’
हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘यह सभी प्रोजेक्ट पूरा होना डबल इंजन की सरकार का शानदार उदाहरण है। सेमीकंडक्टर फैक्टरी भारत को तकनीकी में आगे बढ़ा रही है। मेरठ मेट्रो और नमो भारत रेल तेज और स्मार्ट कनेक्टिविटी दे रही है और यह हमारा जेवर एयरपोर्ट, पूरे उत्तर भारत को दुनिया से जोड़ रहा है। आपने वीडियो में देखा, यह ऐसा एयरपोर्ट बन रहा है, जिससे हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा।’
भारत इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘आज पूरा विश्व चिंतित है, पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई देशों में खाने-पीने का सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद जैसी कई जरूरी चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है। हर देश इस संकट का सामना करने की कोशिश कर रहा है, और हमारा भारत भी पूरी शक्ति से इसका मुकाबला कर रहा है। देशवासियों की ताकत के भरोसे कर रहा है। भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस युद्ध-प्रभावित क्षेत्रों से मंगाता है इसलिए सरकार हर वह कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों और हमारे किसान भाई-बहनों पर बोझ न पड़े। संकट के इस समय में भी भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है। मैं सिर्फ पश्चिमी यूपी की बात करूं तो पिछले कुछ सप्ताह में ही यह चौथा बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका शिलान्यास या लोकार्पण हुआ है। इन कुछ ही सप्ताह में इस दौरान नोएडा में बहुत बड़ी सेमीकंक्टर फैक्टरी का शिलान्यास हुआ। इसी काल खंड में देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन ने गति पकड़ी। इसकी काल खंड में मेरठ मेट्रो का विस्तार किया गया। इतने कम समय में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आप सबके हाथों से उद्घाटन हो गया।’






