प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के रिकॉर्ड कार्यकाल पर बिहार के राजग नेताओं ने जताई खुशी

पटना: बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)के नेताओं ने बुधवार को नरेन्द्र मोदी द्वारा निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक अवधि तक सेवा देने पर खुशी जताते हुए इसे गौरवान्वित करने वाला पल बताया। मोदी ने 26 मई को प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे किए थे और बुधवार को उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे निरंतर कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने संवाददाताओं से कहा, ”वह (मोदी) बेहद लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं और उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। यह पूरे राजग के लिए गर्व की बात है। सभी को बधाई।” कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व ने देशवासियों में ”आशा और विश्वास” का संचार किया है तथा ”सबका साथ, सबका विश्वास” सुनिश्चित किया है।

सिन्हा ने कहा, ”सबका साथ, सबका विकास का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। मोदी सरकार के कार्यकाल में विकास की मुख्यधारा से सबसे पीछे खड़े व्यक्ति का भी उत्थान हुआ है। सर्वांगीण विकास के कारण 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।” उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल में देश ”तुष्टीकरण की राजनीति” से निकलकर ”संतुष्टि की राजनीति” की ओर बढ़ा है।

मंत्री ने कहा, ”कृषि से लेकर बुनियादी ढांचे तक, आज हर क्षेत्र में विकास की गति ने देशवासियों को गौरवान्वित किया है। इसके अलावा, विश्व में भी भारत के प्रधानमंत्री के प्रति विश्वास बढ़ा है।” जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि मोदी निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले नेता इसलिए बने हैं क्योंकि ”देश की जनता उनके काम की सराहना करती है।”

ठाकुर ने कहा, ”हम सौभाग्यशाली हैं कि इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन रहे हैं। वह राजग और पूरे देश के नेता हैं। यदि वह निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवा दे रहे हैं, तो इसका अर्थ है कि देश की जनता उनके कार्यों की सराहना करती है और उनका समर्थन करती है।” इस बीच, बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान ने पटना स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित ‘प्रधान सेवक’ बन गए हैं। मैंने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए प्रार्थना की है ताकि वह भारत के विकास को निरंतर गति देते रहें और वर्ष 2047 तक देश को विश्वगुरु बना सकें।” पूर्व मंत्री और दरभंगा के विधायक जीवेश कुमार ने भी इस अवसर पर पटना स्थित अपने आवास पर हवन और पूजा का आयोजन किया।

उन्होंने कहा, ”विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए निरंतरता आवश्यक है। प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए हम सभी ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं और इसी उद्देश्य से यहां यज्ञ का आयोजन किया गया है।” नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में भारत एक शक्तिशाली देश के रूप में उभरा है और किसी विपरीत परिस्थिति में दुनिया भारत की तरफ देखती है।

इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी को देश का सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाला प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देते हुए कहा था कि पिछले 12 वर्षों में उनके नेतृत्व में बिहार के विकास को नई गति मिली है।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button