उत्तराखंड के अल्मोड़ा में खाई में गिरी बस, सात लोगों की मौत

देहरादून. उत्तराखंड में अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण क्षेत्र में विनायक के पास एक बस के मंगलवार को खाई में गिर जाने से उसमें सवार तीन महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हो गयी तथा कई अन्य यात्री घायल हो गए. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक मृतकों में एक बुजुर्ग दंपति भी शामिल हैं.

अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब यात्रियों को लेकर अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट से नैनीताल जिले के रामनगर जा रही बस भिकियासैंण से छह किलोमीटर पहले अनियंत्रित होकर खाई में गिर गयी.
उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंची तथा बचाव एवं राहत कार्य चलाया. पिंचा ने बताया कि दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया.

उन्होंने बताया कि हादसे में चालक सहित 12 लोग घायल हो गए जिन्हें खाई से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसे के समय बस में कुल 19 यात्री सवार थे. दुर्घटना के शिकार सभी व्यक्ति स्थानीय हैं. बस दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. पिंचा ने कहा कि जांच के बाद ही हादसे के कारणों के बारे में कुछ कहा जा सकेगा.

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गयी सूची के अनुसार, मृतकों में एक बुजुर्ग दंपति भी शामिल हैं जिनकी पहचान गोविंद वल्लभ मठपाल (80) तथा उनकी पत्नी पार्वती देवी (75) के रूप में हुई है. अन्य मृतकों में नंदन सिंह अधिकारी (65), तारा देवी (50), गणेश (25), उमेश (50) और गोविंदी देवी (58) शामिल हैं. घायलों में शामिल चालक की पहचान नवीन चंद्र तिवारी (55) के रूप में हुई है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति तथा उनके शोकाकुल परिजनों को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है. यहां जारी एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में घायल लोगों को जिला प्रशासन द्वारा नजदीकी अस्पतालों में भर्ती किया गया है तथा गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार हेतु उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है. धामी ने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की.

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button