हमारा देश विकास की भाग्य रेखाएं बनाने में है जुटा, बोले-ये मोदी की गारंटी


देहरादून: देहरादून में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का भारत आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के ऐसे दौर में प्रवेश कर रहा है, जो पहले अकल्पनीय था। अमृतसर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर समेत कई बड़े प्रोजेक्ट प्रगति के नए द्वार खोल रहे हैं, जिनसे लोगों की उम्मीदें जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से समय की बचत होगी, यात्रा सस्ती होगी और किराया-भाड़ा कम खर्च होगा। साथ ही हजारों श्रमिकों को रोजगार मिला है और इंजीनियरों सहित कई क्षेत्रों को इसका लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पर्यटन को इससे बड़ा फायदा होगा। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, मसूरी और चारधाम यात्रा के लिए यह इंफ्रास्ट्रक्चर अहम साबित होगा। राज्य विंटर टूरिज्म, विंटर स्पोर्ट्स और वेड इन इंडिया के लिए तेजी से उभर रहा है, वहीं शीतकालीन धार्मिक यात्राओं में भी लगातार वृद्धि हो रही है।
विकास की भाग्य रेखाओं को बनाने में जुटा है हमारा देश: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि भविष्य की दशा के लिए अक्सर लोग हाथ की रेखाएं देखते हैं। मैं इस विज्ञान को तो नहीं जानता लेकिन ये भी एक शास्त्र है। इसी संदर्भ को राष्ट्र जीवन से जोड़कर देखूं तो राष्ट्र की भाग्य रेखाएं हमारी सड़कें होती हैं। हाईवे, रेलवे, एक्सप्रेस वे होते हैं। हमारा देश ऐसे ही विकास की भाग्य रेखाओं को बनाने में जुटा है।
पंच बद्री, पंच केदार को किया नमन
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगले कुछ दिनों में चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। मैं पंच बद्री, पंच केदार, पंच प्रयाग और यहां के आराध्य देवों को प्रणाम करता हूं। संतला माता को भी प्रणाम। इतने बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करने में मां डाट काली का आशीर्वाद मिला। उत्तराखंड 26वें वर्ष में प्रवेश कर चुका। आज से प्रगति में एक और उपलब्धि जुड़ी है। इस शताब्दी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। बाबा केदार के दर्शन के बाद मेरे मुंह से निकला था। ये प्रोजेक्ट उत्तराखंड को नई गति देगा। इससे गाजियाबाद, बागपत, बड़ौत, शामली, सहारनपुर को भी बहुत फायदा होगा।
आज डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती है। मैं श्रधंजलि अर्पित करता हूं। हमारी सरकार ने जो निर्णय लिए वो संविधान को पूरी तरह लागू करने वाले हैं। आर्टिकल 370 हटने के बाद आज पूरे देश मे संविधान लागू है। उत्तराखंड ने संविधान की भावना को आगे बढ़ाकर पूरे देश को राह दिखाई है। हमारी सरकार आज हर गरीब वंचित को सच्चा सामाजिक न्याय देने में जुटी है। इसलिए बाबा साहब आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की भरपूर वकालत करते थे।
देशवासियों को दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने सभी का आभार जताते हुए कि आज देश में पर्व त्योहार की उमंग है। विभिन्न हिस्सों में नववर्ष का आगमन हुआ है। मैं देशवासियों को वैसाखी, बोहाग की शुभकामनाएं देता हूं।






