आधी रात को लाइव आकर बोले PM मोदी, ‘पेपर लीक पर हमारी कैबिनेट और सख्त फैसला लेगी

<strong>नई दिल्ली</strong>: NEET पेपर लीक को लेकर जारी भारी विवाद और छात्रों के लगातार प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देर रात एक वीडियो संदेश जारी कर छात्रों और उनके अभिभावकों को भरोसा दिलाया है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सरकार बेहद सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
<strong>लाखों छात्रों का दर्द मेरा दर्द: PM मोदी</strong>
प्रधानमंत्री ने छात्रों की पीड़ा को समझते हुए कहा कि पेपर लीक कोई मामूली बात नहीं है; यह लाखों विद्यार्थियों और उनके माता-पिता के लिए अत्यंत कष्टदायक है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले ढाई महीनों में इस मामले में कई कानूनी कदम उठाए जा चुके हैं, जिसके तहत कई गुनहगारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
<strong>फास्ट ट्रैक कोर्ट और कड़े कानून की तैयारी</strong>
PM मोदी ने अपने संबोधन में एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन के निर्देश दिए हैं। इसका मसौदा तैयार हो चुका है और इसे कैबिनेट में चर्चा के लिए रखा जाएगा। सोमवार से शुरू हो रहे संसद के दूसरे सप्ताह में इस बिल को पारित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर कठोर सजा का प्रावधान हो सके।
<strong>विद्यार्थियों का साल बचाना प्राथमिकता</strong>
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह थी कि छात्रों का एक साल बर्बाद न हो। इसीलिए बेहद कम समय में करीब 22 लाख छात्रों की परीक्षा का प्रबंधन किया गया और हाल ही में 19 तारीख को इसके परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं। हालांकि, उन्होंने जोर दिया कि सरकार केवल परिणामों से संतुष्ट नहीं है और व्यवस्था में सुधार जारी रहेगा।




