रनवे पर उड़ान भर रहे विमान के सामने आया बंदर, पायलट की सूझबूझ से टला हादसा


लखनऊ: लखनऊ के अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार की सुबह एक बड़ा हादसा पायलट की सूझबूझ से टल गया। करीब सवा सौ यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए उड़ान भरने जा रहा विमान रनवे पर स्पीड पकड़ चुका था तभी अचानक सामने बंदर आ गया। पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लिया और विमान को मुश्किल से काबू करते हुए रोका। इसके बाद विमान रनवे पर वापस लाया गया और जांच शुरू हुई। करीब एक घंटे बाद विमान रायपुर के लिए रवाना हुआ।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार डीजीसीए को लखनऊ एयरपोर्ट फ्लाइट इंसीडेंट की सूचना दे दी गई है और अब वह जांच करेगा। लखनऊ से रायपुर के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6 ई 6521 गुरुवार की सुबह 8:55 बजे रवाना हो रही थी। सूत्रों के मुताबिक रनवे पर प्लेन अच्छी खासी स्पीड पकड़ चुका था। इसी बीच पायलट ने देखा कि सामने बंदर आकर बैठ गया। यदि वह इमरजेंसी ब्रेक ना लेता तो थ्रस्ट ले रहे जहाज के जेट उसे भीतर खींच लेते और इंजन में आग लग सकती थी। विमान के डैनो से टकराने पर बड़ा डैमेज भी हो सकता था। अब यह भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर एयरपोर्ट के रनवे तक बंदर कैसे पहुंच गया।






