आईपीएल 2026: ‘विराट’ रिकॉर्ड का गवाह बना रायपुर, लगातार चार जीत के बाद कोलकाता हुई चित्त; कोहली का 9वां IPL शतक

रायपुर: विराट कोहली की तूफानी शतकीय पारी की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को छह विकेट से हरा दिया। बुधवार को रायपुर में बारिश के कारण लगभग एक घंटे से ज्यादा समय की देरी से शुरू हुए आईपीएल मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने अंगकृष रघुवंशी की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 19.1 ओवर में चार विकेट पर 194 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस दौरान विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर का नौवां आईपीएल शतक पूरा किया। वह 105 रन बनाकर नाबाद रहे। केकेआर के लिए कार्तिक त्यागी ने तीन विकेट लिए जबकि सुनील नरेन को एक सफलता मिली।

शीर्ष पर पहुंची आरसीबी
यह आरसीबी का आईपीएल में छठा सबसे बड़ा सफल रनचेज रहा। 12 में से आठ मुकाबले जीतकर गत विजेता टीम 16 अंक और +1.053 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। वहीं, केकेआर लगातार चार मुकाबलों में जीत के बाद हारकर आठवें स्थान पर खिसक गई। उनके खाते में नौ अंक और नेट रन रेट -0.198 का हो गया है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना इस टीन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
आईपीएल 2026: अंक तालिका का हाल
टीम मैच जीते हारे बेनतीजा अंक नेट रन रेट
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 12 8 4 0 16 +1.053
गुजरात टाइटंस 12 8 4 0 16 +0.551
सनराइजर्स हैदराबाद 12 7 5 0 14 +0.331
पंजाब किंग्स 11 6 4 1 13 +0.428
चेन्नई सुपर किंग्स 11 6 5 0 12 +0.185
राजस्थान रॉयल्स 11 6 5 0 12 +0.082
दिल्ली कैपिटल्स 12 5 7 0 10 -0.993
कोलकाता नाइट राइडर्स 11 4 6 1 9 -0.198
मुंबई इंडियंस 11 3 8 0 6 -0.585
लखनऊ सुपर जाएंट्स 11 3 8 0 6 -0.907
आरसीबी की पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को जैकब बेथेल और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 20 गेंदों में 37 रन जुटाए। इसके बाद कोहली ने देवदत्त पड्डिकल के साथ मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने 59 गेंदों में 92 रन की साझेदारी की।
पड्डिकल 27 गेंदों में सात चौकों के साथ 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद कोहली ने कप्तान रजत पाटीदार (11) के साथ 28 रन, जबकि टिम डेविड (2) के साथ 23 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया। इन खिलाड़ियों के पवेलियन लौटने के बाद विराट कोहली ने मोर्चा संभाला, जिन्होंने 58 गेंदों में अपना नौवां आईपीएल शतक पूरा किया। कोहली ने 60 गेंदों में तीन छक्कों और 11 चौकों के साथ 105 रन की नाबाद पारी खेली।
केकेआर की पारी
इससे पहले केकेआर की इस मुकाबले में शुरुआत खराब हुई थी। टीम 48 के स्कोर तक फिन एलन (18) और कप्तान अजिंक्य रहाणे (19) के रूप में दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे। यहां से अंगकृष रघुवंशी ने कैमरन ग्रीन के साथ तीसरे विकेट के लिए 46 गेंदों में 68 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दिलाई। कैमरून 24 गेंदों में एक छक्के और तीन चौकों के साथ 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद अंगकृष ने रिंकू सिंह के साथ चौथे विकेट के लिए 46 गेंदों में 76 रन जुटाकर केकेआर को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
रिंकू 29 गेंदों में दो छक्कों और तीन चौकों के साथ 49 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अंगकृष ने 46 गेंदों में 71 रन बनाए। उनकी इस पारी में तीन छक्के और सात चौके शामिल रहे। विपक्षी खेमे से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रासिख सलाम डार ने एक-एक विकेट हासिल किया।






