आईपीएल 2026: ‘मेरा शरीर कमजोर हो गया है’, 2027 में खेलने को लेकर रैना के सवाल पर धोनी के जवाब से टूटा फैंस का दिल

चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस के लिए आईपीएल 2026 का सीजन काफी भावुक रहा। एक तरफ टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो गई, वहीं दूसरी तरफ एमएस धोनी पूरे सीजन चोट के कारण मैदान पर नजर नहीं आए। हालांकि, चेपॉक में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के दौरान धोनी मैदान पर जरूर उतरे। उन्होंने टीम फोटो के लिए खिलाड़ियों के साथ समय बिताया और बाद में मैदान का चक्कर लगाकर फैंस का अभिवादन किया। इस पल ने स्टेडियम में मौजूद हजारों समर्थकों को भावुक कर दिया।

इसी दौरान धोनी की मुलाकात उनके पुराने साथी और करीबी दोस्त सुरेश रैना से भी हुई, जो मैच में कमेंट्री कर रहे थे। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर चेन्नई सुपर किंग्स को चार आईपीएल खिताब जिताए थे और उनकी जोड़ी फ्रेंचाइजी की पहचान मानी जाती है।

रैना ने बताया धोनी से हुई खास बातचीत
स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान सुरेश रैना ने खुलासा किया कि उन्होंने धोनी से अगले सीजन खेलने को लेकर बात की थी। रैना ने कहा, ‘मैंने उनसे कहा- आपने आईपीएल 2026 को मिस्ड कॉल दिया है, यह गिना नहीं जाएगा। आपको अगले साल वापस आना होगा। इस पर उन्होंने कहा- मेरा शरीर थोड़ा कमजोर हो गया है।’

रैना ने आगे कहा, ‘मैंने उनसे कहा कि हम यह मानने वाले नहीं हैं, आपको अगले साल खेलना ही होगा। लेकिन आखिरकार यह उनका निजी फैसला है। मुझे लगता है कि वह सकारात्मक सोच रहे हैं और टीम भी फिर से अच्छी तरह तैयार हो रही है।’ धोनी के इस जवाब ने करोड़ों सीएसके फैंस को भावुक कर दिया। सोशल मीडिया पर कई प्रशंसकों ने लिखा कि माही के बिना आईपीएल की कल्पना करना बेहद मुश्किल है।

पूरे सीजन नहीं खेले धोनी
44 वर्षीय धोनी को सीएसके ने इस सीजन ‘अनकैप्ड प्लेयर’ नियम के तहत रिटेन किया था। उम्मीद थी कि वह युवा खिलाड़ियों को तैयार करने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर मैदान पर भी उतरेंगे। लेकिन चोट के कारण वह पूरे सीजन एक भी मुकाबला नहीं खेल सके। ना तो उन्होंने बल्लेबाजी की और ना ही विकेटकीपिंग ग्लव्स पहने। इसके बावजूद टीम के साथ उनका जुड़ाव लगातार बना रहा। ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रही।



Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button