भारत ने सिंगापुर को 25-0 से हराया, पूल ए में शीर्ष पर रहा


जापान: पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुके भारत ने महिला अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के पूल ए के अपने अंतिम मैच में सिंगापुर को 25-0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत से भारत ने पूल ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत ने सिंगापुर के खिलाफ शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाया। उसकी कम से कम 10 खिलाड़ियों ने गोल किए जिनमें नौशीन नाज़ सबसे आगे रहीं। उन्होंने सात गोल (आठवें मिनट, 13वें, 17वें, 18वें, 40वें, 52वें, 58वें) दागे।
मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रही गीताश्री नाम्मी ने पांच गोल (13वें, 28वें, 47वें, 48वें, 60वें) किए, जबकि कप्तान स्वीटी कुजुर ने चार गोल (दूसरे, 24वें, 38वें, 45वें) का योगदान दिया। प्रियंका ंिमज ने भी हैट्रिक (22वें, 37वें, 53वें) बनाई। उनके अलावा दीया (27वें), नैन्सी सरोहा (36वें), श्रुति कुमारी (40वें), पुष्पा मांझी (47वें), रशमीन कौर (47वें) और संदीपा कुमारी (51वें) ने भी स्कोरशीट में अपना नाम लिखवाया।
भारत ने शुरूआत से ही अपना दबदबा बना दिया था। कप्तान स्वीटी ने दूसरे ही मिनट में पहला गोल दाग दिया। नौशीन ने आठवें मिनट में बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद गीताश्री और नौशीन ने 13वें मिनट में एक-एक गोल करके भारत की पकड़ मजबूत कर दी। भारतीय टीम ने इसके बाद भी गोल वर्षा जारी रखी और अपनी सबसे बड़ी जीत में से एक दर्ज की। भारत ने मलेशिया, कोरिया और सिंगापुर को हराकर नौ अंकों के साथ पूल ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। पूल बी के मैच समाप्त होने पर ही भारत के सेमीफाइनल के प्रतिद्वंद्वी का पता चलेगा।






