पीवी सिंधु चाइना ओपन के दूसरे दौर से बाहर


चांग्झू: भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु शुरूआती बढ़त का फायदा उठाने में नाकाम रही और बृहस्पतिवार को यहां दूसरे दौर के मैच में चीन की खिलाड़ी चेन युफेई से तीन गेम के कड़े मुकाबले में हारकर चाइना ओपन बैडंिमटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस मैराथन मुकाबले में पीवी सिंधु विश्व में चौथे नंबर की खिलाड़ी युफेई से 21-16, 20-22, 18-21 से हार गईं।
हैदराबाद की रहने वाली 30 वर्षीय पीवी सिंधु ने पिछले सप्ताह जापान ओपन जीतकर लंबे समय से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म किया था और उन्हें इस टूर्नामेंट में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। पहले गेम से ही यह स्पष्ट हो गया था कि मुकाबला काफी कड़ा होने वाला है। भारतीय खिलाड़ी ने पहले गेम में 7-13 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए स्कोर 16-16 कर दिया था। इसके बाद उन्होंने लगातार पांच अंक हासिल करके पहला गेम अपने नाम कर दिया।
दूसरे गेम में वापसी करने की बारी चेन की थी। पीवी सिंधु ने चार मैच प्वाइंट गंवाए। तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली चेन ने 16-20 की स्थिति से वापसी करते हुए यह गेम 22-20 से जीत लिया। तीसरे और निर्णायक गेम में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। लेकिन अंत में चेन ने 17-17 के स्कोर से बढ़त बनाकर मैच अपने नाम कर दिया।






