कांग्रेस नेता हरीश रावत ने भाजपा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी

देहरादून. वरिष्ठ कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेश भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल द्वारा अपने विरूद्ध किए जा रहे दुष्प्रचार के खिलाफ मंगलवार को यहां पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करायी. अपने समर्थकों के साथ नेहरू कॉलोनी थाने पहुंचे रावत ने पुलिस को पेन ड्राइव तथा अन्य साक्ष्यों के साथ एक तहरीर सौंपी जिसके आधार पर सूचना प्रोद्यौगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 की संबंधित धाराओं तथा भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी. प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद रावत ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी रिपोर्ट लिखने में चार घंटे लगा दिए.

उन्होंने कहा कि जब एक पूर्व मुख्यमंत्री को प्राथमिकी दर्ज कराने में इतना समय लग गया तो सामान्य व्यक्ति की हालत के बारे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है . रावत ने कहा,”अन्ततोगत्वा चार घंटों बाद कांपते हाथों से पुलिस ने प्राथमिकी लिखी है . उनके हाथ इसलिए कांप रहे थे क्योंकि हमने इसमें तथ्यों के साथ भाजपा के अध्यक्ष और उनके सहयोगियों पर आरोप लगाया है कि वह एआई का दुरूपयोग कर हमारी एवं हमारी पार्टी की छवि को बिगाड़ रहे हैं तथा एक संप्रदाय विशेष को निशाना बनाकर सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं .” उन्होंने उम्मीद जतायी कि प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद पुलिस अपराधियों को कानून के दायरे में लाएगी.

रावत ने यह भी कहा, ”सोचिए जब एक पूर्व मुख्यमंत्री की प्राथमिकी दर्ज करने में पुलिस ने इतना समय लगा दिया तो इस राज्य में सामान्य व्यक्ति की हालत क्या होगी .” बाद में रावत ने प्राथमिकी की कॉपी देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) तथा विशेष कार्यबल के एसएसपी को भी सौंपी . रावत ने यह भी कहा कि बुधवार को वह अपनी शिकायत लेकर देहरादून के जिलाधिकारी और राज्य निर्वाचन अधिकारी से भी मिलेंगे.

हाल में भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर एआई से तैयार एक रील अपलोड की गयी थी जिसमें रावत को तुष्टिकरण का समर्थक बताया गया . रील में कांग्रेस नेता कहते सुनाई दे रहे,”मुस्लिम शरणं गच्छामि, मजार शरणं गच्छामि, लव जिहाद शरणं गच्छामि.’ उसके बाद की तस्वीरों में मजार का निर्माण होते तथा कुछ लोग मुस्कराते हुए देवभूमि को मजार भूमि बनाने की बात कहते हुए नजर आ रहे हैं.

रील के अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ चलते दिखाई दे रहे हैं. रावत ने भाजपा के ‘छदम’ प्लेटफार्म से एआई से तैयार एक और वीडियो अपलोड होने का दावा भी किया जिसमें उन्हें एक ‘देशद्रोही पाकिस्तानी एजेंट’ बताते हुए जासूसी करते दिखाया गया है . हालांकि, भाजपा ने इस वीडियो से अपना कोई संबंध होने से इंकार किया है.

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button