केरल में भाजपा ने कांग्रेस पर जमात-ए-इस्लामी के साथ उसके जुड़ाव को लेकर निशाना साधा

तिरुवनंतपुरम: केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में विपक्षी कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर जमात-ए-इस्लामी और उसकी राजनीतिक शाखा वेलफेयर पार्टी के साथ उसके जुड़ाव को लेकर शनिवार को निशाना साधा।

भाजपा की केरल इकाई के प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने फेसबुक पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि राहुल गांधी की कांग्रेस और यूडीएफ जमात-ए-इस्लामी समेत चरमपंथी इस्लामी संगठनों के साथ गठबंधन करके केरल और भारत दोनों को खतरे में डाल रहे हैं। केरल में हाल में हुए चुनाव के दौरान कट्टरपंथी संगठनों का कथित तौर पर समर्थन स्वीकार करने को लेकर माकपा और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन द्वारा यूडीएफ और कांग्रेस के खिलाफ हमला तेज करने के बीच चंद्रशेखर की सोशल मीडिया पर यह आलोचनात्मक पोस्ट सामने आई है।

भाजपा नेता चंद्रशेखर ने पोस्ट में कहा कि चरमपंथी इस्लामिक संगठनों को लोकतांत्रिक संस्थानों में घुसपैठ की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हमें ऐसे कदमों के खिलाफ एकजुट होना चाहिए जो हमारे लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा करते हैं।’’ उन्होंने कट्टरपंथी संगठन मुस्लिम ब्रदरहुड के खिलाफ संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) द्वारा उठाए गए कथित सख्त रुख के संबंध में एक सोशल मीडिया पोस्ट भी साझा की। चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘छद्म धर्मनिरपेक्षता की आड़ में चरमपंथी इस्लामी संगठनों को लोकतांत्रिक संस्थानों और मीडिया में घुसपैठ करने और नियंत्रण हासिल करने की कोशिश नहीं करने दी जानी चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि चरमपंथ और आतंकवाद मुख्य रूप से आम लोगों को प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वे हमारे लोकतंत्र और जीवन शैली को कमजोर करते हैं।’’ भाजपा प्रदेश प्रमुख चंद्रशेखर ने कहा, “यूरोप और अफ्रीका में जो हो रहा है उसे देखने से इसके वास्तविक परिणाम बहुत स्पष्ट हो जाते हैं।”

चन्द्रशेखर के आरोपों पर कांग्रेस या यूडीएफ की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी। प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट आॅफ इंडिया (पीएफआई) की राजनीतिक शाखा सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी आॅफ इंडिया (एसडीपीआई) द्वारा राज्य में हाल के स्थानीय निकाय चुनाव में कुछ निकायों में यूडीएफ को समर्थन देने के मद्देनजर नेता की यह फेसबुक पोस्ट महत्वपूर्ण है। हाल के चुनाव में जमात-ए-इस्लामी सर्मिथत वेलफेयर पार्टी द्वारा कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को दिए गए कथित समर्थन की राज्य में माकपा ने भी आलोचना की थी।

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button