मैं कार्यकर्ता और नितिन नवीन मेरे बॉस’, बोले पीएम मोदी; एनडीए को लेकर कही ये बात

नई दिल्ली: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालेंगे। 14 दिसंबर 2025 को नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। सोमवार को चुनाव प्रक्रिया की औपचारिकता पूरी होने के बाद भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन के नाम पर आधिकारिक रूप से मुहर लग गई।

‘निकाय चुनाव से लोकसभा तक भाजपा बनी जनता की पहली पसंद’, बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि निकाय चुनाव से लेकर लोकसभा चुनाव तक भाजपा जनता की पहली पसंद बन गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लगातार विस्तार हो रहा है।

‘हमारी जड़ें जमीन में गहरी हैं’, बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, ‘भाजपा का कार्यकर्ता होना मेरा गर्व है। भाजापा में मेंबरशिप से ज्यादा रिलेशनशिप पर ध्यान दिया जाता है।’ पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग अपनी राजनीति की शुरुआत करना चाहते हैं, वो भी भाजपा को सबसे सुरक्षित मानते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हमने सत्ता को सुख का नहीं, सेवा का माध्यम बनाया है। बीते 11 वर्षों की बात करें तो भाजपा ने हरियाणा, असम, त्रिपुरा और ओडिशा में पहली बार अपने सामर्थ्य से सरकार बनाई है। पश्चिम बंगाल में जनता की आवाज बनकर सामने आई है।

‘एनडीए को भी संभालना है’, बोले पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘नितिन नवीन को केवल भाजपा ही नहीं, एनडीए के घटक दलों से भी समन्वय बनाना है। नितिन ने खुद को साबित किया है।’ पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 25 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण हैं। आने वाले वर्षों में विकसित भारत का निर्माण होना है और यह तय है। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नवीन मिलेनियल हैं।

पीएम मोदी ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नवीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा, ‘बीते कई महीनों से संगठन पर्व यानी पार्टी की छोटी-सी इकाई से लेकर अध्यक्ष चुनने की व्यापक प्रक्रिया शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से, भाजपा के संविधान की स्पिरिट को और उसमें बताई गई हर बात को ध्यान में रखकर लगातार चल रही थी, आज उसका विधिपूर्वक समापन हुआ है।

संगठन पर्व का यह विशाल आयोजन, भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है। मैं देशभर के कार्यकर्ताओं का इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।’ पीएम मोदी ने कहा, ‘बीते एक डेढ़ वर्षों में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, अटल जी की 100वीं जन्म जयंती, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष, ऐसे महापर्व हम मनाते रहे हैं। ये वे प्रेरणाएं हैं, जो देश के लिए जीने के हमारे संकल्प को और मजबूत करती हैं।

हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और जनसेवा-राष्ट्रसेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है।’ पीएम मोदी ने भाजपा के सभी पूर्व अध्यक्षों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा का जितना फोकस संगठन के विस्तार पर है, उतना ही कार्यकर्ता के निर्माण पर भी है। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री भी रहा, लेकिन मैं भाजपा का कार्यकर्ता रहा। उन्होंने कहा कि मैं कार्यकर्ता हूं और नितिन नवीन मेरे बॉस हैं।

Show More

akhbarilal

Akhbaarilal is daily hindi news portal of Chhattisgarh. Get breaking and latest news from Indian including all states. Find latest news from Raipur. Read CG DPR News on www.akhbaarilal.in.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button